मुरादाबाद। विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी की ग्राम पंचायत भदासना में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम का शुभारंभ कुंदरकी से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष रखीं।

ग्राम चौपाल में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, पेंशन, आवास योजना सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

विधायक ने हर समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला।

विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर गांव तक विकास की किरण पहुंचे और हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और पात्र लाभार्थियों को बिना देरी के योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना और वृद्धावस्था पेंशन—की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। लाभार्थियों का सत्यापन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।

ग्राम चौपाल के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी आई है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनविश्वास और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
