मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक संविदा कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, सुरजन नगर निवासी करीब 40 वर्षीय सर्वेश कुमार संविदा पेट्रोल मैन के रूप में कार्यरत थे। रविवार दोपहर वह ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव दूल्हापुर में 11 केवी बिजली लाइन की मरम्मत के लिए बिजली के पोल पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए और करीब 16 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और सर्वेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के घर में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। पत्नी, मां और छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना लाइन को पूरी तरह बंद किए और बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के उनसे काम कराया जा रहा था।

स्थानीय लोगों ने भी विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस तरह के जोखिम भरे कार्यों में न तो सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है और न ही मौके पर जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाती है। यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो यह हादसा टल सकता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, परिजनों ने मृतक के लिए मुआवजे की मांग की है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
