मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, जिसे देखते हुए पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 मई 2026 को थाना गलशहीद क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने भोजपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्तों ने उसके भाई के साथ गाली-गलौच की, मारपीट की और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। इस हमले में उसका भाई घायल हो गया। साथ ही आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना भोजपुर में मुकदमा संख्या 0156/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं—191(2), 191(3), 352, 115(2), 109(1), 351(3)—में मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए 4 मई 2026 को तस्लीम पुत्र अली मोहम्मद निवासी मोहल्ला तबेला थाना मुगलपुरा (वर्तमान निवास रसूलपुर नंगला खेम, थाना भोजपुर) और इरशाद अहमद उर्फ भूरा पुत्र जहीर अहमद निवासी आदर्शनगर कॉलोनी, थाना कटघर (वर्तमान निवास रसूलपुर नंगला खेम, थाना भोजपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा की गई बरामदगी के आधार पर मामले में आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 की भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे केस और मजबूत हो गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है@जफर-INN
