इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 19वें सीजन का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। बीसीसीआई ने बुधवार को प्लेऑफ मैचों के वेन्यू और तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार प्लेऑफ के मुकाबले अहमदाबाद, न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में आयोजित किए जाएंगे। लगातार दूसरी बार अहमदाबाद को फाइनल की मेजबानी मिली है।
परंपरा के अनुसार, इस सीजन का फाइनल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना था, लेकिन पिछले साल ट्रॉफी रोड शो के दौरान हुई भगदड़ और उसमें हुई जनहानि के चलते बीसीसीआई ने वेन्यू बदलने का फैसला लिया। अहमदाबाद इससे पहले भी 2022, 2023 और 2025 के फाइनल की मेजबानी कर चुका है।
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि बेंगलुरु को मूल रूप से फाइनल के लिए चुना गया था, लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ ऐसी मांगें सामने आईं जो बोर्ड के तय प्रोटोकॉल से मेल नहीं खाती थीं। इसके अलावा, ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक्स कारणों से प्लेऑफ मैचों को तीन अलग-अलग शहरों में कराने का निर्णय लिया गया।
खास बात यह है कि धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में पहली बार आईपीएल प्लेऑफ का मुकाबला खेला जाएगा। यहां 26 मई को क्वालीफायर-1 होगा, जिसमें अंक तालिका की टॉप-2 टीमें भिड़ेंगी और विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी।
इसके बाद न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 27 मई को एलिमिनेटर और 29 मई को क्वालीफायर-2 खेला जाएगा। एलिमिनेटर की विजेता टीम, क्वालीफायर-1 में हारने वाली टीम से भिड़ेगी और इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में जगह बनाएगी।
आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम माना जाता है।
प्लेऑफ शेड्यूल:
क्वालीफायर-1: 26 मई, धर्मशाला
एलिमिनेटर: 27 मई, न्यू चंडीगढ़
क्वालीफायर-2: 29 मई, न्यू चंडीगढ़
फाइनल: 31 मई, अहमदाबाद
