मुरादाबाद। जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित बापू सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह चरण 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित होगा। इस दौरान नागरिक स्वयं जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने परिवार से संबंधित जानकारी भर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी।

कार्यक्रम में पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अधिकारियों को स्व-गणना की तकनीकी प्रक्रिया, डेटा एंट्री और सत्यापन के सभी पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन को स्व-गणना के लिए जागरूक और प्रेरित करें, ताकि आगामी चरण में प्रगणकों का कार्य सुगमता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हो सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 22 मई 2026 से शुरू होने वाली प्रगणकों द्वारा घर-घर जनगणना तभी प्रभावी होगी, जब प्रथम चरण में अधिक से अधिक लोग स्वेच्छा से भागीदारी करेंगे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय, जॉइंट मजिस्ट्रेट शक्ति दुबे, जिला विकास अधिकारी गोविंद बल्लभ पाठक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
