मुरादाबाद। उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में राजकीय महाविद्यालय भोजपुर द्वारा सत्र 2026-27 में प्रवेश संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में गुरुवार को अशफाक हुसैन इंटर कॉलेज में विशेष प्रवेश जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के महत्व एवं महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक डॉ. आसिम एवं मनोविज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. अमित कुमार ने किया। दोनों प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में संचालित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं, पुस्तकालय सुविधाओं, खेलकूद गतिविधियों तथा अन्य सह-शैक्षिक कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं समग्र विकास के लिए राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं करियर संभावनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका प्राध्यापकों द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने भी महाविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी विभिन्न विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी रहेगा@जफर-INN
