मुरादाबाद। नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर से शुक्रवार को दो दर्जन से अधिक हज यात्रियों का जत्था पवित्र हज यात्रा के लिए रवाना हुआ। हज यात्रियों की रवानगी के अवसर पर नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में नगरवासी, रिश्तेदार, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और सभी जायरीनों को मुबारकबाद देते हुए उनके मुकद्दस सफर की कामयाबी के लिए दुआएं कीं।

हज यात्रियों की रवानगी के दौरान भावुक माहौल भी देखने को मिला। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर यात्रियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी एवं हज कमेटी सदस्य शाहिद अंसारी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर शराफत अंसारी सहित हज यात्रियों के जत्थे को रवाना किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार शफीक अहमद का भी नगरवासियों द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर सम्मान किया गया। लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए हज यात्रा के लिए मुरादाबाद रवाना किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण धार्मिक कर्तव्य है और हर मुसलमान की ख्वाहिश होती है कि उसे जीवन में एक बार हज करने का अवसर अवश्य मिले।
रवानगी स्थल पर लोगों ने जायरीनों से देश एवं क्षेत्र की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआ करने की अपील भी की। हज यात्रियों के रवाना होने के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला@जफर-INN
