मुरादाबाद। अदालत के आदेश के बाद मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने शनिवार को जामिया अरबिया हयातुल उलूम मदरसा परिसर में ध्वस्तीकरण अभियान चलाते हुए करीब तीन एकड़ भूमि को अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

एमडीए अधिकारियों के अनुसार, यह भूमि नेहा मुरादाबाद आवास योजना के लिए वर्ष 2004 में अधिग्रहित की गई थी। प्राधिकरण का दावा है कि विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी द्वारा पहले ही जमीन का कब्जा लिया जा चुका था, लेकिन लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद बना हुआ था।

एमडीए सचिव पंकज वर्मा ने बताया कि अदालत के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मदरसा परिसर का जो हिस्सा हटाया गया है, वह अधिग्रहित भूमि का भाग है। कुल मिलाकर लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में कार्रवाई की गई।

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माण को हटाया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने नियंत्रण में ले लिया।

प्राधिकरण का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के निर्देशों और सरकारी अभिलेखों के आधार पर की गई है। अभियान के बाद जमीन को सुरक्षित रखने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

वहीं, कार्रवाई को लेकर इलाके में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद रहे।
