तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी टीवीके को लगातार समर्थन मिल रहा है, जिससे सत्ता तक पहुंचने का रास्ता आसान होता दिख रहा है। शनिवार को हुई वीसीके की अहम बैठक में टीवीके को बिना किसी शर्त समर्थन देने का फैसला लिया गया। इसके बाद टीवीके के समर्थन में विधायकों की संख्या बढ़कर 118 हो गई। वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने भी विजय का साथ देने का ऐलान कर दिया है, जिससे आंकड़ा 120 तक पहुंच गया है। ऐसे में विजय के तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है।
4 मई को आए विधानसभा चुनाव परिणामों ने तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया था। टीवीके ने डीएमके और एआईएडीएमके जैसी दिग्गज पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया था। हालांकि पार्टी बहुमत के आंकड़े से कुछ सीटें पीछे रह गई थी। इसके बाद कांग्रेस, सीपीआई और सीपीएम के विधायकों ने समर्थन देकर टीवीके की ताकत बढ़ाई। अब वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन के बाद सरकार गठन का रास्ता और आसान हो गया है। टीवीके नेताओं ने सहयोग देने वाली सभी पार्टियों का आभार जताया है। पार्टी नेता अर्जुन ने कहा कि विजय सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस बीच एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भी राजनीतिक हलचल तेज कर दी। उन्होंने सरकार बनाने वाली पार्टी को बधाई देते हुए लिखा कि हाल ही में संपन्न तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कई दलों ने हिस्सा लिया और जनता ने अपना जनादेश दिया। उन्होंने नई सरकार को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद से राजनीतिक गलियारों में टीवीके को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
