अमरोहा। भारतीय संस्कृति में संस्कारों और सेवा की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसकी एक जीवंत बानगी जनपद अमरोहा में देखने को मिली। अक्सर लोग अपनों का जन्मदिन तामझाम और फिजूलखर्ची के साथ मनाते हैं, लेकिन जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने अपने पूज्य पिता के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण का माध्यम बनाकर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने इस विशेष अवसर पर बेजुबान गौवंश के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए जनपद की सबसे बड़ी गौशाला में भारी मात्रा में भूसा दान कर एक नई परंपरा की शुरुआत की है।

जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने शनिवार को अपने पिता श्री बृजेश कुमार शर्मा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ब्लॉक गंगेश्वरी स्थित नंदी विहार गौशाला, गुरेठा पहुंचकर 125 क्विंटल भूसा दान किया। इस भावपूर्ण क्षण के दौरान डीएम ने स्वयं गौवंश को चारा खिलाया और गौशाला की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। भावुक कर देने वाले एक दृश्य में जिलाधिकारी ने गौशाला से ही अपने पिता को वीडियो कॉल कर जन्मदिन की बधाई दी, जिस पर उनके पिता ने जिलाधिकारी सहित वहां उपस्थित सभी लोगों को अपना स्नेहिल आशीर्वाद प्रदान किया। जिलाधिकारी के इस कदम की न केवल प्रशासनिक गलियारों में बल्कि आम जनमानस में भी जमकर सराहना की जा रही है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनसामान्य से एक भावुक अपील करते हुए कहा कि गौ-सेवा हमारी गौरवशाली संस्कृति और समाज की महत्वपूर्ण परंपरा है। उन्होंने कहा कि बेजुबान पशुओं के भरण-पोषण की जिम्मेदारी हम सभी की है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता के अनुसार भूसा दान करना चाहिए ताकि वर्ष भर गौवंश के लिए उचित आहार की व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक उत्सवों को सेवा कार्य से जोड़ना ही वास्तव में मानवता की सच्ची सेवा है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश भी दिए। उन्होंने बीडीओ गंगेश्वरी को गौशाला के मरम्मत कार्य तत्काल पूर्ण कराने और परिसर में वृक्षारोपण करने को कहा, वहीं पशु चिकित्सा अधिकारी को बीमार गौवंश का नियमित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम हसनपुर को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र की समस्त चारागाह भूमि को तत्काल कब्जा मुक्त कराकर वहां चारे की बुवाई सुनिश्चित की जाए।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी हसनपुर हिमांशु उपाध्याय और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा दत्त सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने डीएम की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
