मुरादाबाद। बुधवार को पुलिस क्लब, कचहरी परिसर स्थित नव निर्मित अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का उद्घाटन पुलिस उप महानिरीक्षक मुरादाबाद परिक्षेत्र श्री मुनिराज, जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का विस्तृत अवलोकन कर वहां उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संचार व्यवस्था, ऑडियो-वीडियो सिस्टम, इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा बैठने की व्यवस्थाओं की गुणवत्ता को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित बनाया जा रहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष के माध्यम से शासन स्तर से होने वाली बैठकों, कानून व्यवस्था की समीक्षा तथा विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन अब और अधिक सुगमता से किया जा सकेगा।

इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नई तकनीकी सुविधाओं को पुलिस व्यवस्था के लिए उपयोगी बताते हुए इसे बेहतर समन्वय और त्वरित संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
