नई तहसील के सामने एमडीए का बड़ा शिकंजा, गारमेंट शोरूम के नक्शे पर चल रहा था कोचिंग सेंटर
स्कूल समय में भीड़ और जाम से हादसे की आशंका, प्राधिकरण ने जारी की सख्त चेतावनी
मुरादाबाद। सिविल लाइंस क्षेत्र में नई तहसील कार्यालय के सामने संचालित Scholar Den Institute पर अब मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने सख्त रुख अपना लिया है। प्राधिकरण द्वारा जारी नोटिस में साफ शब्दों में कहा गया है कि संस्थान का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा है और इसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए, अन्यथा भवन सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

एमडीए के अनुसार गाटा संख्या-358 स्थित जिस भवन में वर्तमान में कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा है, उसका स्वीकृत मानचित्र “गारमेंट शोरूम” के रूप में पास कराया गया था। आरोप है कि भवन स्वामी एवं संचालकों ने नियमों को दरकिनार कर भवन का उपयोग बदल दिया और बिना पूर्णता प्रमाणपत्र प्राप्त किए ही वहां बड़े स्तर पर कोचिंग संचालन शुरू कर दिया।
“अवैध कोचिंग तुरंत बंद करें”
एमडीए सचिव द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि भवन में “अवैध रूप से कोचिंग सेंटर” संचालित किया जा रहा है। प्राधिकरण ने निर्देश दिए हैं कि अवैध संचालन तत्काल बंद किया जाए और भवन का उपयोग स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किया जाए।
स्कूल समय में भीड़ से हादसे का खतरा
नोटिस में यह भी गंभीर टिप्पणी की गई है कि स्कूल समय में कोचिंग सेंटर संचालित होने के कारण भारी संख्या में छात्रों और वाहनों की भीड़ एकत्र हो रही है। इससे दिल्ली रोड, कांठ रोड और नई तहसील क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति बन रही है और किसी भी समय गंभीर सड़क हादसा हो सकता है।
एमडीए ने साफ कहा है कि यदि भविष्य में कोई दुर्घटना, भगदड़ या जनहानि होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी भवन स्वामी और कोचिंग संचालकों की होगी।
अधूरे भवन में चल रही क्लासेस
प्राधिकरण ने यह भी इंगित किया है कि भवन का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, इसके बावजूद नियमित रूप से क्लासेस संचालित की जा रही हैं। इससे छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
किसके संरक्षण में चलता रहा अवैध खेल?
अब शहर में यह चर्चा तेज हो गई है कि जब भवन का मानचित्र कोचिंग के लिए स्वीकृत ही नहीं था, तो आखिर इतने लंबे समय से वहां अवैध रूप से संस्थान कैसे संचालित होता रहा? क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर प्रभाव और पहुंच के दम पर नियमों की खुलेआम अनदेखी की जाती रही?
सीलिंग की तैयारी से मचा हड़कंप
एमडीए की चेतावनी के बाद Scholar Den प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति है। वहीं सिविल लाइंस क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे अन्य संस्थानों पर भी कार्रवाई की आशंका गहराने लगी है। माना जा रहा है कि प्राधिकरण अब नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई के मूड में है।
