मुरादाबाद। जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
जिन योजनाओं में जिले की प्रगति संतोषजनक नहीं है उनके संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी गंभीरता दिखाएं और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

आईजीआरएस पोर्टल का दुरुपयोग करके ब्लैकमेलिंग करने वाले माफियाओं पर होगी एफआईआर।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समाधान को लेकर जिलाधिकारी ने शतप्रतिशत शिकायतकर्ताओं से संपर्क करते हुए संपर्क करने के प्रमाण भी निस्तारण आख्या के साथ संलग्न करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अधिकारियों को विशेष तौर पर गंभीरता बरतने की जरूरत है साथ ही कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर बार-बार निराधार शिकायत करके सरकार के इस महत्वपूर्ण पोर्टल को ब्लैकमेलिंग का जरिया बनाने वालों को चिन्हित किया जाएगा और ऐसे गंभीर प्रकृति के मामलों में एफआईआर भी दर्ज होगी।
सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि आमजन की शिकायतों और समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो, इसके लिए अधिकारी भी गंभीरता दिखाएं अन्यथा उनके विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही होगी।

आईजीआरएस पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों से संबंधित व्यक्ति से अनिवार्य रूप से संपर्क किया जाए और यदि प्रकरण निस्तारण योग्य है तो गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित कर दें तथा यदि निस्तारण योग्य नहीं है तो शिकायतकर्ता को निस्तारण न हो पाने के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी दें।
विकास भवन में माननीय प्रधानमंत्री जी के “मन की बात” का हुआ प्रसारण।
इसके बाद विकास भवन सभागार में माननीय प्रधानमंत्री जी के मन की बात का प्रसारण कराया गया। सभी अधिकारियों ने अत्यन्त गंभीरतापूर्वक माननीय प्रधानमंत्री जी के मन की बात सुनी।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस सत्र के आयोजन का उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाना है।

इस दौरान सीडीओ सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम वित्त श्रीमती ममता मालवीय, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह एडीएम प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, एडीएम सिटी सुश्री ज्योति सिंह सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।
