कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों-कर्मचारियों ने पढ़ा मंडलीय गजेटियर
डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की पहल, “पॉपकॉर्न माइंड सेट” से बाहर निकलने का संदेश
मुरादाबाद। जनपद में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने और अधिकारियों-कर्मचारियों को पुस्तकों से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देशन में “सब पढ़ें – आगे बढ़ें” अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष अध्ययन सत्र आयोजित किया गया। इस अनूठी पहल में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से मंडलीय गजेटियर का अध्ययन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत एसडीएम प्रीती सिंह द्वारा मंडलीय गजेटियर के प्रकाशन के उद्देश्यों का वाचन कर की गई। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बारी-बारी से गजेटियर के अलग-अलग अध्याय पढ़े। लगभग एक घंटे तक चले इस अध्ययन सत्र में प्रशासनिक अधिकारियों ने इतिहास, संस्कृति, भूगोल एवं प्रशासनिक तथ्यों से जुड़ी जानकारियों का अध्ययन किया।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया का मानना है कि वर्तमान समय में लोग “पॉपकॉर्न माइंड सेट” का शिकार हो रहे हैं, जहां एकाग्रता और गहन अध्ययन की आदत लगातार कम होती जा रही है। ऐसे में पुस्तक पठन की संस्कृति विकसित करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मुरादाबाद में इस प्रकार का यह पहला सामूहिक अध्ययन सत्र है, जिसे एक नई और सकारात्मक शुरुआत माना जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल पढ़ना ही नहीं, बल्कि गंभीर चिंतन और ज्ञानवर्धन की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना भी है।
इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए “एक पुष्प – एक पुस्तक” अभियान भी संचालित किया जा रहा है। अब जिलाधिकारी से मिलने आने वाले लोग बड़े-बड़े गुलदस्तों के बजाय प्लास्टिक मुक्त पुष्प और ज्ञानवर्धक पुस्तकें भेंट कर रहे हैं। प्रशासन की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बौद्धिक संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
