मुरादाबाद। थाना नागफनी क्षेत्र में चर्चित बेकरी संचालक हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत दो इनामी अभियुक्तों को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
यह सनसनीखेज वारदात 28 फरवरी 2026 को बंगला गांव चौराहे के पास हुई थी, जहां जिगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के बहनोई मजाहिर हुसैन उर्फ डेनियल की तहरीर पर थाना नागफनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में हत्या के पीछे सुनियोजित साजिश सामने आई थी।
पुलिस ने बताया कि मामले में आलमगीर, मोहम्मद फैजान और आसिफ को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी जफर हुसैन और उसका पुत्र सैफुल जफर फरार चल रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक मुरादाबाद परिक्षेत्र द्वारा 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जफर हुसैन के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जम्मू-कश्मीर में छिपे हुए हैं। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना नागफनी पुलिस और स्वाट टीम को जम्मू-कश्मीर रवाना किया गया। टीम ने सफल कार्रवाई करते हुए दोनों इनामी आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर मुरादाबाद लाया। बुधवार को सभी को न्यायालय में पेश किया गया।
मुख्य आरोपी जफर हुसैन का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण, चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में दिल्ली, बरेली, अमरोहा, नैनीताल और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सैफुल जफर पर भी कई संगीन मामले दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में स्वाट टीम के उपनिरीक्षक अमित कुमार, थाना नागफनी के उपनिरीक्षक सौरभ कुमार, मुख्य आरक्षी अमित कुमार, विजय शर्मा, आरक्षी संगम और यशपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए इसे बड़ी सफलता बताया है।
