मुरादाबाद। 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के तरणताल पर आयोजित बरेली जोन की 64वीं अंतरजनपदीय पुलिस तैराकी एवं महिला/पुरुष क्रॉसकंट्री प्रतियोगिता वर्ष-2026 का बुधवार को भव्य समापन हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बरेली जोन के बरेली, पीलीभीत, बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, शाहजहांपुर, अमरोहा और बिजनौर जनपदों की टीमों के कुल 148 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ एवं समापन कुंवर आकाश सिंह द्वारा किया गया। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।

तैराकी प्रतियोगिता में अमरोहा जनपद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 गोल्ड मेडल हासिल कर सर्वश्रेष्ठ टीम बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि बरेली की टीम छह गोल्ड मेडल के साथ दूसरे स्थान पर रही।

वाटर पोलो के फाइनल मुकाबले में अमरोहा और मुरादाबाद की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें अमरोहा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुरादाबाद को 7-3 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

50 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में मुरादाबाद के कपिल अत्री ने प्रथम तथा बरेली के संदीप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अमरोहा जनपद के मुख्य आरक्षी नंदन राणा ने पांच गोल्ड मेडल जीतकर सर्वश्रेष्ठ तैराक बनने का गौरव हासिल किया।

क्रॉसकंट्री प्रतियोगिता का आयोजन 12 मई की सुबह पुलिस लाइन में किया गया। पुरुष वर्ग में रामपुर की टीम 35 अंक प्राप्त कर प्रथम और मुरादाबाद 43 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रही।

महिला वर्ग में मुरादाबाद की टीम ने 22 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि बरेली की टीम 26 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। संभल जनपद के अश्वनी कुमार को पुरुष वर्ग का सर्वश्रेष्ठ धावक तथा मुरादाबाद की पूजा को महिला वर्ग की सर्वश्रेष्ठ धाविका घोषित किया गया।

प्रतियोगिता में रूपेश कौशिक, सतीश कुमार, रवि शर्मा और रविंद्र कसाना ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आयोजन के सफल संचालन और खिलाड़ियों के अनुशासित प्रदर्शन की अधिकारियों ने सराहना की।
