मुरादाबाद। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद द्वारा जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनन्द मोहन गुप्ता, महासचिव कपिल गुप्ता सहित पूरी कार्यकारिणी ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
समारोह के दौरान अधिवक्ताओं ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जिलाधिकारी से चर्चा करते हुए न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि प्रशासन हमेशा न्याय व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा बार और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से आमजन को अधिक राहत मिलेगी।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनन्द मोहन गुप्ता ने कहा कि अधिवक्ता समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं तथा जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनहित के कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। वहीं महासचिव कपिल गुप्ता ने कहा कि प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच सकारात्मक संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है।
कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें जनपद के विकास और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का वातावरण सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय रहा।

इस मौके पर बार एसोसिएशन की पूरी कार्यकारिणी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
