दिल्ली के चर्चित शिकोहपुर लैंड डील से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दाखिल चार्जशीट पर अदालत ने संज्ञान लेते हुए उन्हें समन जारी किया था। यह मामला शिकोहपुर लैंड डील से जुड़े पीएमएलए (PMLA) केस से संबंधित है, जिसमें ईडी ने वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
समन के बाद रॉबर्ट वाड्रा अदालत पहुंचे और कार्यवाही में हिस्सा लिया। सुनवाई के दौरान उनके वकील ने कोर्ट में दलील दी कि वाड्रा को इस मामले में कभी गिरफ्तार नहीं किया गया, इसलिए जमानत की आवश्यकता नहीं बनती। वकील ने अदालत से कहा कि चूंकि उनके मुवक्किल जांच में सहयोग करते रहे हैं और कभी हिरासत में नहीं लिए गए, इसलिए उन्हें राहत दी जाए।
सुनवाई के बाद राऊज एवेन्यू कोर्ट ने रॉबर्ट वाड्रा को 50 हजार रुपये के बेल बॉन्ड और एक श्योरिटी पर जमानत दे दी।
कोर्ट पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, “सब अच्छा है, धन्यवाद।” उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। वाड्रा ने यह भी कहा कि अदालत जो भी सवाल पूछेगी, वह उसका जवाब देंगे। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ईडी सरकार के इशारे पर काम कर रही है और उन्हें राजनीतिक कारणों से परेशान किया जा रहा है।
