मुरादाबाद। बिलारी स्थित पीएमश्री स्कूल का जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल तथा जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्कूल की भौतिक व्यवस्थाओं, कक्षाओं, स्वच्छता, पेयजल, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय तथा बच्चों को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने शिक्षकों से शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ली और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा की। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति, अनुशासन और शिक्षण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि जनपद के सभी 15 पीएमश्री स्कूलों को शिक्षा और संसाधनों से जुड़े लगभग 120 मानकों के अनुरूप संतृप्त कर आदर्श एवं मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि सरकारी विद्यालयों में भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
एसएसपी श्री सतपाल अंतिल ने बच्चों को अनुशासन, नैतिक शिक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे ने स्कूल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, शिक्षकगण एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।
