मुरादाबाद/बिलारी। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल की उपस्थिति में तहसील बिलारी के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।
इस दौरान विद्युत, राजस्व, पुलिस, राशन कार्ड, अतिक्रमण और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 82 शिकायती-पत्र प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को सुनने के साथ ही निर्देश दिए कि आगामी 15 दिवस के भीतर प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता के साथ साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

राजस्व वादों के निस्तारण में लापरवाही पर 02 लेखपालों को चेतावनी नोटिस
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई के दौरान पाया कि लेखपालों द्वारा राजस्व ग्रामों में जमीनी विवादों को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही है जिसकी वजह से आमजन को दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि लेखपाल अपने राजस्व ग्रामों के भूमि विवादों और सार्वजनिक हित के लिए आरक्षित जमीनों पर अतिक्रमण को रोकने को लेकर गंभीरता दिखाएं।
उन्होंने राजस्व मामलों के प्रति उदासीनता बरतने वाले 02 लेखपालों को चेतावनी नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।
रुस्तमनगर सहसपुर में कैंप लगाकर राजस्व मामलों की सुनवाई करने के लिए जिलाधिकारी ने एसडीएम बिलारी को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि निर्विवाद विरासत दर्ज करने की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संपादित होनी चाहिए। विरासत सहित अन्य राजस्व मामले लंबे समय तक अनावश्यक लंबित रखने की परम्परा से दूरी बनाएं और अपने पदीय जिम्मेदारियों के प्रति गंभीरता दिखाएं।

तहसील दिवस के दौरान प्राप्त शिकायत का स्वयं निस्तारण कराने पहुंचे जिलाधिकारी
जिलाधिकारी को सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बिलारी नगर में मुख्य बाजार में नई सड़क पर जल निकासी की समस्या से संबंधित शिकायतीपत्र प्राप्त हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी स्वयं पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण के दौरान पाया कि मार्ग और नाली पर स्थानीय दुकानदारों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया है जिसके परिणामस्वरूप न तो बेहतर तरीके से नाले की सफाई हो पा रही है और न ही सुचारू रूप से आवागमन संभव हो पा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित लेखपाल मार्ग की पैमाईश करें और अधिशासी अधिकारी नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाते हुए नाला और मार्ग का दुरुस्तीकरण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्थानीय दुकानदारों को भी निर्देशित किया कि वे स्वयं पहले ही नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटा लें अन्यथा नगर पालिका टीम द्वारा कार्यवाही की जाएगी।
दो कालोनियों में मार्ग के विवाद का समाधान कराने पहुंचे जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
बिलारी में मार्ग को लेकर दो कालोनियों के विवाद के समाधान हेतु जिलाधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने दोनों कॉलोनियों से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया और निर्देश दिए कि स्वीकृत लेआउट का सख्ती से पालन होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्ग बनाने वाले डेवलपर को भी इस संबंध में चेतावनी नोटिस जारी की जाए और यदि भविष्य में लेआउट के विपरीत निर्माण किया गया तो कठोर कार्यवाही होनी चाहिए।
