मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने शहरवासियों को आधुनिक और सुव्यवस्थित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए “सह्याद्रि पॉकेट-ए” आवासीय योजना का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है। यह महत्वाकांक्षी योजना शहर के नागरिकों को सुरक्षित, सुविधायुक्त और उच्च स्तरीय शहरी जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की गई है। मंडलआयुक्त सभागार में विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष व मंडल आयुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी मे इस योजना का शुभारंभ किया गया।
मंडल आयुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना को एक आकर्षक एवं भविष्य उन्मुख आवासीय टाउनशिप के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें आधुनिक शहरी अधोसंरचना, कनेक्टिविटी, हरित वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण जीवनशैली से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया गया है।
योजना का क्षेत्र मुरादाबाद-दिल्ली रेल लाइन और मुरादाबाद-कांठ रोड के मध्य स्थित ग्राम सोनकपुर के निकट विकसित किया जा रहा है। इसकी कनेक्टिविटी दिल्ली रोड एवं कांठ रोड दोनों से बेहतर होगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख विद्यालय, विश्वविद्यालय, अस्पताल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा दैनिक जीवन से जुड़ी सुविधाएं निकट उपलब्ध रहेंगी।
एमडीए के मुताबिक योजना का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को एक आधुनिक एवं व्यवस्थित शहरी जीवनशैली प्रदान करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए योजना में चौड़ी एवं सुव्यवस्थित सड़कें, हरित पट्टियां, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था, सामुदायिक सुविधाएं तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण विकसित किया जाएगा। विशेष रूप से पर्यावरण अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया है, जिससे नागरिकों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली मिल सके।
609 आवासीय भूखंड होंगे उपलब्ध
योजना में विभिन्न आय वर्गों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुल लगभग 609 आवासीय भूखंड प्रस्तावित किए गए हैं। भूखंडों का क्षेत्रफल 50 वर्गमीटर से 200 वर्गमीटर तक निर्धारित किया गया है।
इनमें :
टाइप-A : 200 वर्गमीटर (162 वर्गमीटर)
टाइप-C : 112.5 वर्गमीटर
टाइप-D : 72 वर्गमीटर
टाइप-E : 81.50 वर्गमीटर
टाइप-F : 60 वर्गमीटर
टाइप-G : 50 वर्गमीटर
श्रेणी के भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे। भूखंडों की अनुमानित दर ₹39,600 प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है।
18 मई से 17 जून तक आवेदन
एमडीए ने बताया कि योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 18 मई 2026 से 17 जून 2026 तक संचालित होगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। इच्छुक नागरिक उत्तर प्रदेश शासन के जनहित पोर्टल www.janhit.upda.in तथा मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट www.mdamoradabad.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए आवेदन शुल्क ₹1500 निर्धारित किया गया है, जबकि सामान्य श्रेणी के आवेदकों को अनुमानित भूखंड लागत का 10 प्रतिशत तथा आरक्षित श्रेणी के आवेदकों को 5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि ऑनलाइन जमा करनी होगी।
आरक्षण और पारदर्शी लॉटरी व्यवस्था
प्राधिकरण ने बताया कि शासन की नीतियों के अनुरूप अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, सरकारी सेवकों के कर्मचारियों, भूतपूर्व सैनिकों एवं अन्य वर्गों के लिए निर्धारित आरक्षण सुविधा उपलब्ध रहेगी।
भूखंडों का आवंटन पूर्णतः पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। लॉटरी ड्रॉ की तिथि एवं विस्तृत जानकारी बाद में वेबसाइट तथा नोटिस बोर्ड के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी। आवेदकों की पूरी सूची भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी, ताकि प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।
एकमुश्त भुगतान पर छूट
एमडीए के अनुसार आवेदन के पश्चात आवंटी एकमुश्त भुगतान करने पर निर्धारित अवधि के अनुसार 4 प्रतिशत से 6 प्रतिशत तक की छूट प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त शेष धनराशि को दो वर्षों की अवधि में त्रैमासिक किस्तों के माध्यम से जमा करने की सुविधा भी दी गई है।
RERA में पंजीकृत है योजना
योजना की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इसे उत्तर प्रदेश रेरा (RERA) में भी पंजीकृत कराया गया है। योजना का रेरा पंजीकरण संख्या UPRERAPRJ439861/05/2026 है। इससे आवेदकों एवं भावी आवंटियों को नियामकीय सुरक्षा और पारदर्शी प्रक्रिया का लाभ मिलेगा।
वर्षों पुराने विवाद के बाद साकार हुई योजना
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि यह भूमि वर्ष 2010-11 में अर्जित की गई थी, लेकिन भूमि संबंधी विवाद न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण योजना लंबे समय तक शुरू नहीं हो सकी। इसके चलते प्राधिकरण तथा शहर के नागरिकों को आवासीय सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
हालांकि उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह के प्रयासों और वर्तमान उपाध्यक्ष अनुपम सिंह द्वारा विशेष पहल के बाद योजना से संबंधित मामलों का न्यायालयों में प्रभावी निराकरण कराया गया। इसके फलस्वरूप योजना को यूपी रेरा में पंजीकृत कराए जाने और अधोसंरचना संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
प्राधिकरण का मानना है कि “सह्याद्रि पॉकेट-ए” योजना मुरादाबाद के सुनियोजित शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होगी। यह योजना न केवल नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय अवसर उपलब्ध कराएगी, बल्कि शहर के समग्र विकास, निवेश एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा प्रदान करेगी।
