मुरादाबाद। जनपद में श्रमिकों की समस्याओं के समाधान और बेहतर औद्योगिक माहौल तैयार करने को लेकर रविवार को पंचायत भवन, मुरादाबाद में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उद्योगपतियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों एवं श्रमिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों ने त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान श्रमिकों की आय में वृद्धि, समय पर वेतन भुगतान, ओवरटाइम एवं बोनस दिए जाने तथा महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही श्रमिकों के लिए कैंटीन, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी उद्योगपतियों को दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक किसी भी उद्योग की रीढ़ होते हैं, इसलिए उनके हितों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उद्योग क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाए रखने और उद्योग संचालन में आने वाली समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक में उद्योगपतियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जनपद में बेहतर औद्योगिक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
