45 पुरुष और 2 महिला प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ, अनुशासन और दमदार कदमताल से गूंजा अकादमी परिसर
मुरादाबाद। जनपद स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में सोमवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस को 47 नए उप निरीक्षक मिल गए। पूरे समारोह के दौरान अकादमी परिसर देशभक्ति, अनुशासन और गौरवपूर्ण माहौल से सराबोर दिखाई दिया।

परेड में 45 पुरुष और 2 महिला प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों ने शानदार कदमताल और अनुशासित प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। प्रशिक्षुओं ने पुलिस सेवा के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण की शपथ लेते हुए प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

समारोह में प्रशिक्षु अंकित यादव को “सर्वांग कैडेट” चुना गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। वहीं सर्वांग सर्वोत्तम का अवार्ड पाने वाले अमित यादव ने भावुक अंदाज में कहा कि उन्होंने अपने पिता के सपनों को पूरा करते हुए यह प्रशिक्षण हासिल किया है और आज उनका पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है।
भव्य परेड के मुख्य अतिथि एडीजी अकादमी राजीव सभरवाल रहे। इस अवसर पर मुरादाबाद के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद के गणमान्य नागरिकों के साथ प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों के परिजन भी मौजूद रहे। परेड के दौरान जवानों की सधी हुई चाल, सलामी और अनुशासन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

एडीजी अकादमी राजीव सभरवाल ने बताया कि प्रशिक्षुओं को आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप नए आपराधिक कानून, साइबर क्राइम, पुलिस आचरण, विधि विज्ञान और व्यवहारिक पुलिस प्रशिक्षण की विशेष शिक्षा दी गई है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष का कठोर प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब ये प्रशिक्षु अपने-अपने आवंटित जनपदों में जाकर फील्ड ट्रेनिंग प्राप्त करेंगे और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी हर वर्ष उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों को तैयार कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित कर रही है।
