मुरादाबाद। जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और जनहितैषी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी के साथ कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनआईसी कार्यालय सहित विभिन्न शाखाओं और विभागीय कार्यालयों की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति, अभिलेखों के रखरखाव, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कई कार्यालयों में पुराने और अनुपयोगी फर्नीचर की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे खराब फर्नीचर को नियमानुसार निष्प्रयोज्य घोषित कर उसकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए, ताकि कार्यालयों में व्यवस्थित वातावरण बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में फरियादी और आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयों में अनुशासन, समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई और प्रशासनिक कार्यों में गुणवत्ता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
