मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

इस दौरान आयुष्मान योजना के तहत कार्ड बनाने की मुहिम तेज करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए। नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेदार अधिकारी दैनिक रूप से मॉनिटरिंग करेंगे और यह सुनिश्चित कराएंगे कि छूटे हुए परिवारों को प्रोत्साहित करते हुए कार्ड जारी कराएंगे।
चिकित्सालयों में दवाओं की उपलब्धता को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराएं और ओपीडी भी समयबद्ध तरीके से होनी चाहिए ताकि लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात डॉक्टरों द्वारा दैनिक रूप से की जाने वाली ओपीडी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि 95 प्रतिशत से अधिक ओपीडी करने वाले डॉक्टरों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा और 55 प्रतिशत के कम ओपीडी करने वाले डॉक्टरों को चेतावनी नोटिस जारी की जाएगी।
संस्थागत प्रसव की स्थिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इसमें आशाओं की सक्रियता की जांच भी कराई जाएगी। यदि जांच में निजी अस्पतालों में प्रसव के लिए आशाओं की भूमिका की पुष्टि हुई तो कठोर कार्यवाही होगी।

पोषण पुनर्वास केंद्र के माध्यम से बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालने की कवायद के संबंध में समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से जिले में कुल गंभीर अति कुपोषित बच्चों की संख्या के बारे में जानकारी ली और कहा कि जिन गांवों में सर्वाधिक गंभीर अति कुपोषित बच्चे हैं उन गांवों में विशेष सतर्कता बरतते हुए बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराएं। एएनएम को पोषण ट्रैकर ऐप की ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि कुपोषण उन्मूलन और डेटा संग्रहण में उनकी सक्रिय भूमिका हो सके।
उन्होंने सीएमओ को निर्देशित किया कि सभी पीएमश्री, अटल आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्यनरत बच्चों का 01 माह में हेल्थकार्ड बनेगा। यह बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण कदम होगा।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों की संख्या के बारे में जानकारी ली।

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के संबंध में समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण को लेकर आगामी 02 माह तक अभियान चले और कलेक्ट्रेट सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों से इसकी शुरुआत करने के निर्देश दिए।
निर्धारित लक्ष्य 3006546 के सापेक्ष 2043610 आभा आईडी बन चुकी है जो लक्ष्य का करीब 67 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिदिन 03 हजार का लक्ष्य पूरा किया जाए।
सबसे अच्छी और सबसे खराब प्रगति वाली आशा, एएनएम और सीएचओ के कार्यों की भी आगामी बैठक में समीक्षा होगी। उन्होंने सबसे खराब प्रगति वाले सीएचओ को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात आशा और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को अपने कार्यक्षेत्र में ही निवास करना होगा तभी वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगी।
उन्होंने क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी और होम्योपैथी अधिकारी के विभागीय कार्यों के बारे में जानकारी ली और कहा कि कलेक्ट्रेट और तहसील दिवसों के दौरान आयुर्वेद और होम्योपैथी से संबंधित कैंप लगवाए जाएं ताकि आमजन आयुर्वेद और होम्योपैथी उपचार के बारे में जागरूक हो सकें।

पूर्ण टीकाकरण में बाधा बन रहे क्षेत्रों पर प्रशासन आगामी 01 माह तक विशेष अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संभ्रांतजनों की मदद से शत प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण कराएं। उन्होंने ई-संजीवनी, ओपीडी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, परिवार नियोजन, आरसीएच पोर्टल आदि के बारे में भी समीक्षा की।
इस अवसर पर सीडीओ सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।
