मुरादाबाद। शहर में सोशल मीडिया पर एक महिला के बाइक चलाने के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में महिला अलग-अलग वेशभूषा में मोटरसाइकिल पर सवार होकर शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार में बाइक चलाती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि महिला ने किसी भी वीडियो में हेलमेट नहीं पहना है। वीडियो शूट कर उन्हें सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।

वायरल वीडियो में महिला व्यस्त मार्गों पर स्टंट जैसे अंदाज में बाइक चलाती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने पुलिस से कार्रवाई की मांग भी की है।

मामले पर संज्ञान लेते हुए एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और वीडियो की सत्यता के साथ-साथ संबंधित महिला की पहचान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में नियमों की अवहेलना की पुष्टि होती है तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर इस तरह के वीडियो न बनाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।
