मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एआरएम रोडवेज को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित स्थलों के अलावा यदि जगह-जगह रोडवेज बसें रोक कर सवारी बिठाने या उतारने की आदत में रोडवेज बस चालकों द्वारा सुधार नहीं किया गया तो बसों का चालान और सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।

जगह-जगह बसों के रुकने की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है साथ ही सड़क दुर्घटना होने की संभावना भी बढ़ जाती है इसलिए इस पर विशेष अभियान चलाएं और सभी बस चालकों को निर्देशित करें कि वह निर्धारित स्थलों से ही सवारी लें।

यदि किसी वाहन चालक का दो बार से अधिक चालान हो जाएगा तो उसके बाद उस वाहन चालक का लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यातायात पुलिस को भी इस संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए।
रोडवेज बस अड्डे की साफ सफाई को लेकर भी जिलाधिकारी ने निर्देशित किया, उन्होंने कहा कि बस अड्डे पर गंदगी की वजह से यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री द्वारा इस संबंध में स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए गए हैं कि रोडवेज बस अड्डों के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जाए। बस चालकों का भी नियमित और अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।

पेंट माय सिटी अभियान के अंतर्गत शहर की सुंदरता को बढ़ाने की दिशा में कार्य करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय बड़े शैक्षणिक संस्थाओं एवं अन्य संभ्रांत नागरिकों के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा दीवारों पर यातायात नियमों का पालन करने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर पेंटिंग कराई जाए।

सार्वजनिक स्थलों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम को भी सक्रिय करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए और कहा कि इन पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों की जागरूकता और सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सड़कों पर ब्रेकर बनाने के दौरान मानकों का गंभीरता पूर्वक पालन होना चाहिए। मानक के विपरीत ब्रेकर आमजन के लिए वाहन चलाने के दौरान समस्या उत्पन्न करते हैं।
राजमार्ग पर अवैध कट के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बार-बार अवैध कट बनाने वालों के विरुद्ध सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आमजन की जान के लिए जोखित उत्पन्न करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेजने की कार्रवाई की जाए, आवश्यकता पड़ने पर गंभीर प्रकृति के मामलों में गुंडा एक्ट तक की कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया गया है कि अनरजिस्टर्ड वाहन का किसी भी दशा में संचालन न करने दिया जाए, इसे सख्ती से लागू कराते हुए अन रजिस्टर्ड वाहनों को सीज किया जाए। स्कूल वाहनों और एम्बुलेंस को भी मानकों के दायरे में गंभीरतापूर्वक लाया जाए।
मा. मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार डग्गामार वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही तेज करने के लिए उन्होंने एआरटीओ को निर्देशित किया।
बैंक्वेट हॉल, मैरिज हॉल, होटल आदि द्वारा पार्किंग की व्यवस्था न किए जाने की वजह से शहर में उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं पर जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में पहले चेतावनी नोटिस जारी की जाए तदोपरांत सीज करने की कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी सिटी रणविजय सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।
