राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने जून-जुलाई में खाली होने वाली सीटों के लिए चुनावी तारीखों का ऐलान कर दिया है। साथ ही महाराष्ट्र और तमिलनाडु की दो राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव भी कराए जाएंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक, 1 जून को नोटिफिकेशन जारी होगा, जबकि 8 जून तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। सभी सीटों पर 18 जून को वोटिंग होगी और उसी दिन नतीजों का ऐलान भी कर दिया जाएगा।
इन राज्यों में होंगे चुनाव
आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की 4-4 सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। झारखंड की 2 सीटें जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की 1-1 सीट पर चुनाव होना है।
दो सीटों पर उपचुनाव भी
महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की सीट खाली हुई थी। विधायक बनने के बाद उन्होंने 6 मई को इस्तीफा दिया था। दूसरी ओर तमिलनाडु में AIADMK नेता सीवी शनमुगम ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा सदस्यता छोड़ दी। अब इन दोनों सीटों पर भी 18 जून को उपचुनाव कराया जाएगा।
