मुरादाबाद। सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ अब कानून के शिकंजे तक पहुंचने लगी है। शहर में दुल्हन के लिबास में हाईवे और व्यस्त सड़कों पर बाइक राइड के दौरान रील शूट कराने वाली युवती के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू की थी।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक युवती की कई वीडियो क्लिप तेजी से शेयर की जा रही थीं। इन रील्स में युवती कभी अलग-अलग बाइकों पर बैठी दिखाई दे रही थी तो कभी सड़क के बीचोंबीच खतरनाक अंदाज में शूट कराती नजर आई। वीडियो शहर के प्रमुख मार्गों और हाईवे क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा गया कि रील शूट के दौरान यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई। एक युवक बाइक चलाते हुए पीछे मुड़कर वीडियो रिकॉर्ड करता दिखाई दिया, जबकि आसपास से अन्य वाहन भी गुजर रहे थे। इस लापरवाही से सड़क पर चल रहे लोगों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो गया।
मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसके बाद एसपी ट्रैफिक सुभाषचंद्र गंगवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित टीमों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस जांच में वायरल रील बनाने वाली युवती की पहचान थाना कटघर क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा स्थित ख्वाजानगर निवासी 24 वर्षीय तुबा के रूप में हुई। ट्रैफिक पुलिस ने युवती के खिलाफ यातायात नियमों का उल्लंघन, सार्वजनिक मार्ग पर अव्यवस्था फैलाने और सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की गतिविधियां किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएंगी। सड़क पर स्टंट और लापरवाही भरी रील बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अब वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की पहचान में भी जुटी है। माना जा रहा है कि रील शूट में शामिल बाकी लोगों पर भी जल्द कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस मामले में यातायात पुलिस के सब इंस्पेक्टर रुणित तोमर की तहरीर पर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है।
