भोजपुर। आगामी ईद-उल अज़हा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भोजपुर थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और धर्मगुरु मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता के प्रतीक होते हैं। यह हमें एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने तथा सौहार्दपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक आपसी द्वेषभाव को त्यागकर सादगी और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित पशुओं का वध किसी भी स्थिति में न होने पाए। साथ ही कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों एवं मलबे को खुले में न फेंकने की हिदायत दी, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे और किसी की भावनाएं आहत न हों।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसएसआई महेश चंद, उपनिरीक्षक जुगेन्द्र तेवतिया, उपनिरीक्षक इजहार अली, चेयरमैन पुत्र अर्शमान अंसारी, प्रधान प्रतिनिधि पंकज भारद्वाज, सभासद यासीन मलिक, सभासद तौकीर कुरैशी, सभासद प्रतिनिधि इस्तेकार, पूर्व सभासद अशफ़ाक खां, मुजफ्फर अली समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे@जफर-INN
