मुरादाबाद। जनगणना अभियान के तहत जिले में जनगणना प्रक्रिया का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया द्वारा उनके आवास से किया गया। इस अवसर पर प्रगणक द्वारा जिलाधिकारी आवास पर मकान सूचीकरण एवं आवश्यक विवरण दर्ज किए गए।

इसके साथ ही मंडलायुक्त श्री आञ्जनेय कुमार सिंह के आवास पर भी जनगणना टीम द्वारा मकान सूचीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। अधिकारियों ने निर्धारित प्रारूप के अनुसार आवास संबंधी सूचनाएं संकलित कीं।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं और प्रशासनिक नीतियों की मजबूत आधारशिला है। सही आंकड़ों के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करती है।

उन्होंने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान को पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही आमजन से भी अपील की गई कि वे सही जानकारी देकर जनगणना कार्य में सहयोग करें।

अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में चरणबद्ध तरीके से मकान सूचीकरण एवं परिवारों का विवरण एकत्र किया जाएगा। इसके लिए प्रगणकों और संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।
जनगणना अभियान के शुभारंभ के साथ ही जिले में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय टीमें सक्रिय हो गई हैं।
