मुरादाबाद। शहर की सामाजिक और चिकित्सा सेवा यात्रा में गुरुवार रात एक नया अध्याय जुड़ गया, जब दिल्ली रोड स्थित एक होटल में “रोटरी क्लब ऑफ मुरादाबाद मेडिको” का भव्य शुभारंभ एवं प्रथम बैठक गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। यह क्लब अपने आप में विशेष इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि इसमें शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक, सर्जन और मेडिकल प्रोफेशनल्स एक मंच पर समाजसेवा के संकल्प के साथ जुड़े हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी गवर्नर रोटेरियन सीए नितिन अग्रवाल एवं प्रीति अग्रवाल रहे। उनके कर-कमलों द्वारा क्लब का औपचारिक शुभारंभ, बोर्ड गठन एवं पदाधिकारियों का परिचय कराया गया। समारोह में मुरादाबाद के विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया।
नवगठित “रोटरी क्लब ऑफ मुरादाबाद मेडिको” ने अपने पहले ही दिन यह संदेश दे दिया कि अब चिकित्सा सेवा केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। क्लब का उद्देश्य सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करना है।

क्लब के संस्थापक सदस्यों में डॉ. गिरजेश कैन (डायरेक्टर, ओरेकल आई हॉस्पिटल) एवं डॉ. कार्तिक गुप्ता सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वक्ताओं ने कहा कि जब डॉक्टरों की संवेदनशीलता और रोटरी की सेवा भावना एक साथ आती है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की नई इबारत लिखी जाती है।

कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल की वैश्विक सेवाओं का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पोलियो उन्मूलन जैसे विश्वव्यापी अभियानों में रोटरी की भूमिका ऐतिहासिक रही है और यही सेवा परंपरा अब मुरादाबाद में स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा के नए अभियानों के रूप में आगे बढ़ेगी।
क्लब पदाधिकारियों ने घोषणा की कि भविष्य में निशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, नेत्र परीक्षण, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं एवं जरूरतमंदों के लिए विशेष मेडिकल सहायता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

समारोह के अंत में फेलोशिप एवं डिनर का आयोजन हुआ, जहां सभी सदस्यों और अतिथियों ने नवगठित क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे “सेवा और चिकित्सा के नए युग की शुरुआत” बताया।
