मुरादाबाद। ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व 2026 को लेकर मुरादाबाद पुलिस प्रशासन ने बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए 23 मई सुबह 8 बजे से 26 मई रात 12 बजे तक भारी एवं हल्के मालवाहक वाहनों के रूट बदले जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य पर्व 24 और 25 मई को जनपद हापुड़ के ब्रजघाट और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है। इसी को देखते हुए मुरादाबाद जनपद से गुजरने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन :
दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ जाने वाले वाहन
मुरादाबाद से दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ की ओर जाने वाले भारी एवं हल्के मालवाहक वाहनों को चंदौसी, बिलारी, बबराला, नरौरा, डिबाई और बुलंदशहर मार्ग से भेजा जाएगा।
इसके अलावा कुछ वाहनों को मुरादाबाद टोल द्वितीय से चंदौसी कट, सिरसी, बायां गवां रोड और गंगा एक्सप्रेस-वे होकर गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
बिजनौर और मुजफ्फरनगर रूट
मुरादाबाद से बिजनौर और मुजफ्फरनगर जाने वाले भारी वाहनों को टीएमयू अंडरपास, शेरुआ चौराहा, छजलैट, नूरपुर और बिजनौर मार्ग से होकर भेजा जाएगा।
रामपुर से दिल्ली, अलीगढ़ और आगरा जाने वाला ट्रैफिक
रामपुर से आने वाले वाहनों को शाहबाद, बिलारी और चंदौसी होकर गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं अलीगढ़ और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए बहजोई, धनारी, इंद्राचौक, बबराला और नरौरा पुल मार्ग निर्धारित किया गया है।
जाम की स्थिति में हल्के वाहनों का भी डायवर्जन
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों का भी डायवर्जन किया जा सकता है। अत्यधिक भीड़ या जाम की स्थिति बनने पर कुछ समय के लिए जीरो ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले निर्धारित रूट की जानकारी अवश्य कर लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
