मुरादाबाद। मुरादाबाद पुलिस की थाना कटघर पुलिस ने वर्ष 2017 में बैंक कर्मचारी से मारपीट कर मोटरसाइकिल लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 7 दिसंबर 2017 को थाना कटघर क्षेत्र के रामगंगा पुल बाईपास के पास भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी वीर सिंह के साथ तीन-चार बदमाशों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था और उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में पीड़ित के भाई गिरीश चंद्र की तहरीर पर थाना कटघर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कटघर पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र राजू उर्फ धर्मपाल निवासी पीतल बस्ती सूरजनगर थाना कटघर, प्रिंस उर्फ सौरभ पुत्र मुनेश गोस्वामी निवासी खजूर वाली गली पीतल बस्ती थाना कटघर तथा पुष्पेंद्र पुत्र शीशपाल निवासी बसेरा खास थाना कुन्दरकी के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2017 में उन्होंने अपने एक साथी मनीष के साथ मिलकर बैंक कर्मचारी से मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटी थी। घटना के बाद आरोपी बारी-बारी से उस बाइक का इस्तेमाल करते रहे और उसे बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 411 की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार समेत थाना कटघर पुलिस की टीम शामिल रही।
