मुरादाबाद। माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे “Cycle on Sunday” अभियान के अंतर्गत रविवार प्रातः 6:30 बजे शहर में पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचाने का संदेश देने हेतु भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व समाजसेवी सरदार गुरविंदर सिंह ने किया।
रैली कंपनी बाग से प्रारंभ होकर एकता द्वार, जैन मंदिर तिराहा, आयुक्त कार्यालय, अंबेडकर पार्क, सिविल डिफेंस तिराहा, सिविल लाइन थाना होते हुए अटल पथ पहुंची, जहां प्रतिभागियों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के समक्ष सामूहिक फोटो खिंचवाए। इसके बाद रैली कमिश्नर आवास पहुंची, जहां सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।

वापसी में रैली सेंट पॉल चर्च, पुलिस लाइन मंदिर, सिविल डिफेंस चौराहा, अंबेडकर पार्क, एकता चौराहा और पीली कोठी मार्ग से होकर पुनः कंपनी बाग गेट पर पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रैली की सबसे खास बात 70 वर्षीय दादा गुरबिदर सिंह और उनकी 11 वर्षीय पोती गुंजीता पाल की सहभागिता रही। दोनों ने साथ साइकिल चलाकर नई और पुरानी पीढ़ी के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
इसके अलावा मंडल सुरक्षा अधिकारी रेलवे राजीव गुप्ता ने स्वतः स्फूर्त भागीदारी कर अभियान का उत्साह बढ़ाया। वहीं महिला प्रतिभागी ग़ज़ाला सुल्तान ने भी साइकिल चलाकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

रैली में मुरादाबाद एक्सप्रेस जैनुल आबेदीन, हिमांशु यादव, कमल सिंह, मरदान अली, खालिद पटियाला वाले, खुर्शीद साहब, असलम पंचायती सहित अनेक लोगों ने भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि विगत दोनों अभियानों में अशोक अरोड़ा ने भी अपना आशीर्वाद और सहयोग प्रदान किया।
आयोजकों ने कहा कि वर्ष 2014 में शहरवासियों द्वारा कंपनी बाग बचाने के लिए किए गए सत्याग्रह का ही परिणाम है कि आज कंपनी बाग का सुंदर और विकसित स्वरूप लोगों को देखने को मिल रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
