मुरादाबाद। परिवर्तन “दी चेंज” संस्था द्वारा पिछले 200 सप्ताह से लगातार चलाए जा रहे “रामगंगा स्वच्छता अभियान” ने रविवार को एक प्रेरणादायी उपलब्धि हासिल की। अभियान के 200 सप्ताह पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लाल बाग स्थित श्री काली माता मंदिर के निकट रामगंगा तट पर वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रविवार प्रातः 6:30 बजे शुरू हुए इस अभियान में रामगंगा तट से प्लास्टिक, पॉलिथीन, पूजन सामग्री तथा अन्य कभी न गलने वाले कचरे को एकत्रित किया गया। अभियान के दौरान लगभग 1000 किलोग्राम से अधिक कचरा हटाकर नगर निगम मुरादाबाद की सहायता से निर्धारित स्थान तक पहुंचाया गया।

संस्था के अध्यक्ष कपिल कुमार ने कहा कि 200 सप्ताह का यह सफर केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि मां रामगंगा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और जन-जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल नदी की सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को यह समझाना भी है कि नदियों में कचरा डालना बंद करें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक रामगंगा निर्मल और स्वच्छ नहीं हो जाती, तब तक यह अभियान प्रत्येक रविवार निरंतर जारी रहेगा।

अभियान में संस्था के पदाधिकारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संस्था द्वारा प्रत्येक रविवार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक रामगंगा तट पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जाता है।
परिवर्तन “दी चेंज” संस्था ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान में शामिल होकर रामगंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करें।
