मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या की घटना का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी, बहन और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को हाईड्रिल कॉलोनी निवासी देवेंद्र सिंह ने थाना मझोला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके रिश्तेदार पवन की पत्नी आंचल का अंकित नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी संबंध के विरोध के चलते आंचल, उसकी बहन शिखा, प्रेमी अंकित और अजय दिवाकर ने मिलकर पवन की हत्या कर दी।
मामले में थाना मझोला पर मुकदमा संख्या 502/2026 धारा 103(1), 123, 3(5), 115(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना मझोला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आंचल पत्नी मृतक पवन, उसकी बहन शिखा, अंकित पुत्र सुखपाल सिंह तथा अजय दिवाकर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आंचल और अंकित के बीच प्रेम संबंध थे, जबकि शिखा का अजय दिवाकर के साथ संबंध था। मृतक पवन को आंचल और अंकित के रिश्ते की जानकारी हो गई थी, जिसका वह लगातार विरोध कर रहा था। इसी कारण चारों ने मिलकर पवन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन चारों आरोपी पवन के घर पहुंचे। पवन के घर आने पर उसे पकड़ लिया गया और मारपीट की गई। आरोपियों ने जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने की कोशिश की। विरोध करने पर कमरे में तेज आवाज में गाने चला दिए गए ताकि चीख-पुकार बाहर न सुनाई दे।
इसके बाद आरोपियों ने पवन के हाथ-पैर बांधकर उसे बिजली का करंट लगाया और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। दोबारा करंट देने से उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को सीढ़ियों से नीचे गिरा दिया गया। इसके बाद आंचल ने परिजनों और पड़ोसियों को झूठी सूचना दी कि पवन ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है।
थाना मझोला पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्य जुटाकर मजबूत पैरवी की जाएगी ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।
