मुरादाबाद। प्रचंड गर्मी के बीच शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। शहर के व्यस्त मधुबनी चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवान किशन स्वरूप की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर घटना की वजह हीट स्ट्रोक मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक किशन स्वरूप रोज़ की तरह सुबह करीब 6 बजे से ही मधुबनी चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात थे। दोपहर करीब 12 बजे तेज धूप और उमस के बीच अचानक उन्हें चक्कर आया और वह सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। जवान के गिरते ही चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत ईसीजी जांच और सीपीआर सहित तमाम जरूरी प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
ट्रैफिक पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद हसनैन ने बताया कि किशन स्वरूप सुबह से लगातार ड्यूटी कर रहे थे। दोपहर में अचानक उनकी हालत बिगड़ी और वह चौराहे पर गिर पड़े, जिसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. जुनैद अहमद के अनुसार, पीआरडी जवान को बेहद गंभीर हालत में लाया गया था। मेडिकल टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
इस घटना ने भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे ड्यूटी कर रहे पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की कार्य परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ते तापमान के बीच घंटों सड़क पर तैनात रहने वाले जवानों के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य और सुरक्षा इंतजाम की मांग भी तेज हो गई है।
