लुधियाना की मेयर इंदरजीत कौर और पंजाबी गायक दलजीत दोसांझ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। नगर निगम कमिश्नर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह 7:28 बजे एक धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसमें मेयर और दलजीत दोसांझ के घरों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
मेल में दावा किया गया है कि मेयर इंदरजीत कौर के घर पर दोपहर 1:11 बजे विस्फोट किया जाएगा, जबकि दलजीत दोसांझ के गांव स्थित घर को 6 जून तक रात 9:11 बजे बम धमाके से उड़ाने की धमकी दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में खुद को “खालिस्तान नेशनल आर्मी” से जुड़ा बताते हुए इंजीनियर गुरनख सिंह, रूकन शाहवाल, डॉक्टर गुरनिवैर सिंह और खान रजादा के नाम लिखे गए हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। वहीं मेयर कैंप कार्यालय और संबंधित स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
