लखनऊ। राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर लगा भारी टिन शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक टीटीई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेनों का इंतजार कर रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ टिन शेड का एक बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। हादसे के बाद यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घायलों में टीटीई भूपेंद्र के अलावा यात्री अभिषेक और साहिल शामिल हैं। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि शेड की संरचना कमजोर होने या तकनीकी खामी के चलते यह हादसा हुआ।
रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर आवाजाही सीमित कर दी है। वहीं यात्रियों ने रेलवे की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए स्टेशन की जर्जर व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की है।
