हमीरपुर में तेज तूफान के बीच बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे वहां सो रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में छह मजदूरों की मौत की खबर है, जबकि कुछ अन्य को बचाने के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि हमीरपुर में बेतवा नदी पर हुई यह दुर्घटना बेहद दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने एसडीआरएफ और जिला प्रशासन को मिलकर तेजी से राहत अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा के मुताबिक, 28 और 29 मई की रात करीब दो बजे सूचना मिली कि लालपुर थाना क्षेत्र में मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने के लिए बन रहे पुल का स्लैब गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
प्रशासन के अनुसार, कुछ मजदूर मलबे में दब गए थे, जबकि तीन लोग पुल के खंभे पर फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। राहत टीम स्लैब हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी रही।
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर बांदा और हमीरपुर जनपद के रहने वाले थे। यह पुल राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयासों से बनवाया जा रहा था।
