मुरादाबाद। जनपद में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मैनाठेर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी बिलारी के पर्यवेक्षण में थाना मैनाठेर पुलिस द्वारा पाकबड़ा-डीगरपुर रोड स्थित ग्राम रसूलपुर अड्डे के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध वैगनआर कार संख्या यूपी14 एक्यू 1080 को रोककर जांच की तो उसमें सवार इरफान पुत्र बुद्धा निवासी मुड़िया मिलक उर्फ गंजो वाली थाना भगतपुर, हाल निवासी वारसी नगर थाना मुगलपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 12 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा बड़ी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कई जनपदों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और लंबे समय से पुलिस की निगाह में था।
पुलिस ने बताया कि बरामद आभूषण थाना मैनाठेर में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित हैं। इसके अलावा थाना छजलैट और थाना बिलारी क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित सामान भी आरोपी के कब्जे से बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में नई धाराएं बढ़ाई गई हैं तथा आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
भारी मात्रा में बरामद हुए जेवरात
पुलिस ने आरोपी के पास से सोने की झुमकी, नथ, कुंडल, अंगूठियां, ताबीज, नोजपिन, हार समेत चांदी की पाजेब, चैन, हथफूल, बिछुए और अन्य कीमती आभूषण बरामद किए हैं। इसके साथ ही चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार भी जब्त कर ली गई।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी इरफान का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा समेत कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के करीब 29 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक शातिर अपराधी है जो लगातार चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में सक्रिय था।
*पुलिस टीम की सराहना
इस कार्रवाई में थाना मैनाठेर प्रभारी निरीक्षक किरनपाल सिंह, निरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक जगमाल सिंह, उपनिरीक्षक शेर सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
