मुरादाबाद। विकास खण्ड मुरादाबाद की ग्राम पंचायत गिन्दौड़ा में आयोजित ग्राम चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। चौपाल के दौरान उन्होंने राशन वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण, पेंशन योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
सीडीओ ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जानकारी ली कि राशन समय पर मिल रहा है या नहीं। ग्रामीणों ने बताया कि राशन डीलर द्वारा नियमित रूप से राशन वितरण किया जा रहा है। इस पर उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि समय-समय पर वितरण प्रक्रिया का सत्यापन भी कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ग्रामवासियों ने चौपाल में नए राशन कार्ड बनाए जाने की मांग उठाई। इस पर सीडीओ ने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि पात्र लोगों के नए राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया नियमानुसार जल्द पूरी कराई जाए।
चौपाल के दौरान ग्राम पंचायत में संचालित पुस्तकालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। सीडीओ ने पुस्तकालय के सुचारू संचालन के लिए फर्नीचर व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं ग्राम पंचायत सचिव को दिए। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी और आंगनबाड़ी केंद्रों को नियमित रूप से संचालित रखने पर जोर दिया।
गांव में जल निकासी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नालियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि ग्राम पंचायत में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सीडीओ ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव में विशेष कैंप आयोजित कर शेष पात्र लोगों को भी योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही जिन लाभार्थियों की फैमिली आईडी अभी तक नहीं बनी है, उन्हें जल्द तैयार कराने के निर्देश भी दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस सर्वे-2024 में तीन लाभार्थियों का पंजीकरण होने की जानकारी पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार जल्द आवास उपलब्ध कराया जाए।
ग्राम चौपाल के दौरान कुल चार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें मांग आधारित बताया गया। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
इसके अलावा चौपाल में ग्रामीणों को जनगणना-2027 के अंतर्गत 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक चलने वाली मकान गणना प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण), आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
