अमरोहा। जनपद के मंडी धनौरा क्षेत्र में एक निजी बीज भंडार के साइन बोर्ड पर कथित रूप से जातिसूचक शब्द लिखे होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े गिहार समाज के लोगों ने इसे अपनी सामाजिक गरिमा पर आघात बताते हुए प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने पुलिस एवं राजस्व विभाग को जांच कर सात कार्यदिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंडी धनौरा के कंचन बाजार चौराहे से मंडी समिति मार्ग पर स्थित एक निजी बीज भंडार के साइन बोर्ड पर पते के रूप में कथित तौर पर “कंजरो वाली चुंगी” अंकित है। गिहार समाज के लोगों का आरोप है कि यह शब्द उनकी जाति विशेष के लिए अपमानजनक है और इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर गिहार समाज के प्रतिनिधि धर्मवीर, निक्की, नितिन, रजत एवं शिवा सहित अन्य लोगों ने उपजिलाधिकारी मंडी धनौरा को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की शिकायत की। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित दुकान संचालक हेमंत कुमार, निवासी पत्थरकुटी, मंडी धनौरा द्वारा लगाए गए साइन बोर्ड पर उक्त शब्द का प्रयोग किया गया है, जो सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, लगभग दो माह पूर्व भी उन्होंने दुकानदार से इस शब्द को हटाने का अनुरोध किया था, लेकिन कोई परिवर्तन नहीं किया गया। उनका आरोप है कि हाल ही में दोबारा आपत्ति दर्ज कराने पर दुकानदार ने बोर्ड में संशोधन से इंकार कर दिया और कथित रूप से धमकी भी दी। वहीं, दुकानदार का पक्ष है कि उक्त स्थान लंबे समय से इसी नाम से जाना जाता है, इसलिए बोर्ड पर वही पता अंकित किया गया है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद अपर जिलाधिकारी (एफ/आर) ने थानाध्यक्ष मंडी धनौरा तथा संबंधित राजस्व अधिकारियों को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विधिक जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सात कार्यदिवस के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा सके।
प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू होने के बाद अब सभी की निगाहें रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
