मुरादाबाद। थाना भगतपुर क्षेत्र में घर से बिना बताए चली गई 17 वर्षीय छात्रा को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। छात्रा के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
जानकारी के अनुसार ग्राम वीरपुर फतेउल्लापुर निवासी एक व्यक्ति ने रविवार को थाना भगतपुर पुलिस को सूचना दी कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री, जो कक्षा 12 की छात्रा है, पढ़ाई-लिखाई को लेकर मां से हुई मामूली कहासुनी के बाद घर से कहीं चली गई है। छात्रा के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भगतपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। उपनिरीक्षक शिवसिंह, हेड कांस्टेबल संजय और महिला कांस्टेबल प्रियंका ने तकनीकी संसाधनों तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से छात्रा की तलाश शुरू की। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और छात्रा का फोटो एवं हुलिया विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कर व्यापक खोज अभियान चलाया।
लगातार निगरानी और सूचनाओं के विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने छात्रा की गतिविधियों का पता लगाया। मुरादाबाद-हरदोई रेल मार्ग पर समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
छात्रा के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने खुशी जताते हुए मुरादाबाद पुलिस और थाना भगतपुर टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और संवेदनशील मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है@जफर-INN
