रामपुर/तेलंगाना। महज एक महीने में मालिक के परिवार का भरोसा जीतने वाले नेपाली दंपती ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि पूरा परिवार सन्न रह गया। तेलंगाना के एक कारोबारी के घर से करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हुए नेपाली दंपती समेत तीन आरोपियों को रामपुर पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल शाही, उसकी पत्नी विमला शाही और साली कल्पना शाही के रूप में हुई है। तीनों नेपाल के निवासी हैं। इनके कब्जे से करीब 7 किलो सोने और 1 किलो 50 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

भरोसे का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार कमल शाही और विमला शाही ने करीब एक माह पहले ही तेलंगाना के साइबराबाद जिले में गची बाउली में एक कारोबारी के घर घरेलू कर्मचारी के रूप में काम शुरू किया था। मेहनत और व्यवहार से दोनों ने परिवार का विश्वास जीत लिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उन्होंने करोड़ों की चोरी की साजिश रच डाली।
घटना वाले दिन कारोबारी अपनी पत्नी के साथ दिल्ली गए हुए थे, जबकि घर के बुजुर्ग मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। घर खाली मिलते ही दंपती ने अलमारी और तिजोरियों में रखे कीमती जेवरात व नकदी समेट ली। बताया जाता है कि कमल ने अपनी साली कल्पना शाही को भी योजना में शामिल कर लिया था, जो पास के एक अन्य घर में काम करती थी।
नेपाल भागने से पहले धराए
चोरी की वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए और नेपाल भागने की तैयारी में थे। घटना सामने आते ही तेलंगाना पुलिस ने जांच शुरू की और लगातार रामपुर पुलिस के संपर्क में रही। संयुक्त प्रयासों के चलते तीनों आरोपियों को जिले के बिलासपुर क्षेत्र से एक बस में से गिरफ्तार कर लिया गया।
ट्रांजिट रिमांड पर ले जाएगी तेलंगाना पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को बिलासपुर कोतवाली पुलिस न्यायालय में पेश करेगी। न्यायालय के आदेश के बाद तेलंगाना पुलिस तीनों का ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें साइबराबाद ले जाएगी। आरोपियों के खिलाफ थाना गच्चीबोउली, साइबराबाद (तेलंगाना) में मुकदमा दर्ज है।
