मुरादाबाद/भोजपुर। थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव काफियाबाद में मायके आई एक महिला के साथ घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जनपद अमरोहा के थाना क्षेत्र के गांव मिलक सराय निवासी एक महिला ने थाना भोजपुर पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह इन दिनों अपने मायके गांव काफियाबाद में अपनी माता के घर आई हुई थी। आरोप है कि 6 जून की रात करीब 8 बजे गांव का निवासी रिंकू जबरन उनके घर में घुस आया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगा।

महिला का कहना है कि जब उसने आरोपी के व्यवहार का विरोध किया तो रिंकू ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी रिंकू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
