मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड और निर्माण परियोजनाओं के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जनपद की किसी भी दशा में रैकिंग खराब न हों, अधिकारीगण इसको सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग एवं सेतु निगम की रैकिंग डी कैटेगरी में होने पर जिलाधिकारी ने सुधार लाने के निर्देश दिए और अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

लोक निर्माण विभाग की नई सड़क निर्माण योजना बी श्रेणी में होने पर जिलाधिकारी ने वर्षा से पहले सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर ए श्रेणी में बने रहने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना बी कैटेगरी में होने पर जिलाधिकारी ने विशेष प्रयास कर ए श्रेणी में लाने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास की कैटेगरी सी होने पर जिलाधिकारी ने एनआरसी में सीएमओ को बेडों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए और कहा कि जनपद के गंभीर अति कुपोषित बच्चों को भर्ती करके सैम कैटेगरी से बाहर निकाला जाये। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि निराश्रित महिला पेंशन योजना के अन्तर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाये। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी पेंशन योजनाओं में ऐसे लाभार्थी जिनकी पेंशन किसी कारणवश नहीे आ रही है, उसकी सूची बनायें और पेंशन न आने के कारण का पता लगाकर पेंशन को तत्काल जारी किया जाये।

जिलाधिकारी ने 50 लाख से ऊपर की विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। कार्यदायी संस्था लो0नि0वि0(भवन खण्ड) द्वारा जनपद में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की भौतिक प्रगति 85.10 प्रतिशत होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाकर कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय में वर्षा के दौरान पानी भरता है तो संबंधित विभाग एवं कार्यदायीं संस्था पूर्ण रुप से उत्तरदायीं होंगे। सोनकरपुर में अनावासीय भवन निर्माण की प्रगति 48.06 प्रतिशत होने पर जिलाधिकारी ने कार्य में प्रगति बढ़ाकर समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्माण खंड प्रथम द्वारा कुन्दरकी, डींगरपुर, रतनपुर कला, पाकबडा मार्ग चौड़ीकरण /सुदृढ़ीकरण की प्रगति 84.98 प्रतिशत होने पर मार्ग का कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुरादाबाद-चंदौसी मार्ग पर स्थित लेवल क्रासिंग संख्या 1ए पर रेल ऊपरीगामी सेतु की भौतिक प्रगति 82.88 प्रतिशत होने और निर्माण कार्य की पूर्ण होने की तिथि 31 जुलाई 2026 होने पर जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाकर समय से हैण्डओवर करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार जिलाधिकारी ने सीएनडीएस, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), राज्य निर्माण निगम, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई जल संसाधन, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लि., नलकूप तथा मण्डी परिषद कार्यदायीं संस्थाओं द्वारा जनपद में किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर हैण्डओवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की क्वालिटी अच्छी हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये।जिन योजनाओं में जिले की प्रगति संतोषजनक नहीं है उनके संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी गंभीरता दिखाएं और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

इस अवसर पर सीडीओ सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, परियोजना निदेशक, जिला अर्थ संख्याधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला गन्ना अधिकारी, युवा कल्याण अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, उप निदेशक कृषि, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित कार्यदायीं संस्थाओं उ.प्र. राज्य सेतु निगम, नगर निगम, सीएनडीएस, यूपी सिडको, राजकीय निर्माण निगम, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधान, उ.प्र. प्रोजेक्ट कारपोरेशन लि., नलकूप आदि विभागों से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
