मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में रास्ते में चौखे (उपले/ईंधन सामग्री) रखने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विरोध करने पर एक दंपती के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चकबेगमपुर निवासी रूपचंद पुत्र पूरन सिंह ने थाना भोजपुर में दी गई तहरीर में बताया कि 10 जून 2026 की रात करीब 8:30 बजे उनके भाई रामसिंह तथा चंद्रपाल पुत्रगण पूरन सिंह ने रास्ते में चौखे रख दिए थे। रूपचंद के अनुसार जब उन्होंने दोनों से रास्ते से चौखे हटाने के लिए कहा तो आरोपी भड़क गए।
आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद लाठी-डंडों से रूपचंद तथा उनकी पत्नी बबीता पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद घायल पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला पारिवारिक रंजिश और आपसी तनाव के चलते हिंसक रूप ले बैठा। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
