प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी लखनऊ के लोक भवन में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जरिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में संचालित होने वाली 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया गया। ये बसें जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश खराब सड़कों, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और विकास की कमी के लिए जाना जाता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश बेहतर सड़क नेटवर्क, आधुनिक एयर कनेक्टिविटी और निवेश के अनुकूल माहौल के कारण नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में करीब 4 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित हुआ है।
अयोध्या के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक उपेक्षा झेलने वाली अयोध्या आज देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में शामिल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के संचालन से अयोध्या को नई पहचान मिली है और प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास की नई तस्वीर सामने आई है।
